आगामी खरीफ फसलों का मौसम निकट आ गया है और किसान भाई अपने खेतों के लिए सभी आवश्यक वस्तुओं की खरीदी जून के प्रथम सप्ताह में मानसून के दस्तक देने से पूर्व प्रारम्भ कर देते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा खरीफ फसलों के उत्पादन के लिए आवश्यक बीज एवं खाद का भंडारण लैम्प्स में किया जा रहा है। इसके तहत जिले के 24 प्राथमिक साख सहकारी समितियों में खाद एवं उर्वरक का भंडारण पूर्ण कर लिया गया है। जिला प्रशासन के प्रयत्नों के बावजूद जिले के कई ऐसे इलाके थे जिनके आस-पास समितियों के ना होने पर उन्हें खाद एवं बीज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। ऐसे में जिला कलेक्टर नीलकण्ठ टीकाम ने इस संदर्भ में संज्ञान लेते हुए ऐसे गांवों को चिन्हित कर इनके गांवों में या उनके नजदीकी ग्रामों में खाद एवं बीज संग्रहण के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके पश्चात जिले के सभी विकासखण्डों में 14 गांवों का चयन कर इनमें भंडारण का कार्य किया जा रहा है।आगामी सप्ताह तक यह पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पश्चात ग्रामीणों को निकटतम लैम्प्स मुख्यालय में जाकर अपना ऋण प्रकरण जमा कराना होगा उंसके उपरांत वे अपने निकटतम भंडारण स्थल से बीज एवं खाद प्राप्त कर पाएंगे। इसके लिए 24 लैम्प्स के अलावा विकासखंड कोण्डागांव में मटवाल, हड़ेली,कुधुर, बयानार, विकासखण्ड फरसगांव में ओड़ागाव,चिंगनार, भोंगापाल, हाटचपई, विकासखण्ड केशकाल में कानागांव, बड़ेखौली, खालेमुरवेंड, कुएमारी,होनहेड, विकासखण्ड माकड़ी के गांव छतोड़ी में खाद एवं बीज का संग्रहण करने का कार्य किया जा रहा है।
इस संबंध में सहायक पंजीयक के एल उइके ने बताया कि पहले इन ग्रामों के कृषकों को खाद एवं बीज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी परन्तु भंडारण पास में हो जाने से ग्रामीणों को सुगमता से कम परिवहन खर्च पर आवश्यक सामग्री प्राप्त हो जाएगी।

Post a Comment